ओशो रजनीश पर बनने वाली फिल्म में नजर आएंगी प्रियंका चोपड़ा, मां आनंद शीला का निभाएंगी रोल
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ओशो रजनीश के जीवन पर बनने वाली फिल्म में नजर आएंगी। इस फिल्म को ऑस्कर पुरस्कार विजेता निर्देशक Barry Levinson बना रहे हैं।
मुंबई. बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ओशो रजनीश के जीवन पर बनने वाली फिल्म में नजर आएंगी। इस फिल्म को ऑस्कर पुरस्कार विजेता निर्देशक Barry Levinson बना रहे हैं। इस बात का खुलासा खुद प्रियंका ने एक टॉक शो में किया है। प्रियंका ने बताया कि वह इस फिल्म में 'मां आनंद शीला' की भूमिका अदा करेंगी। मां आनंद शीला ओशो रजनीश की सहयोगी थीं।
बता दें कि प्रियंका चोपड़ा ग्लोबल स्टार बन चुकी हैं। वह लंबे समय से हिंदी फिल्मों में नजर नहीं आई हैं। आखिरी बार 2016 में वह हिंदी फिल्म में नजर आई थीं। वह अमेरिकी टीवी सीरीज क्वांटिको का हिस्सा बनीं और वहीं से उनका हॉलीवुड का सफर शुरू हुआ। सबसे पहले वह 2017 में फिल्म बेवॉच में नजर आईं और अब उनके हाथ एक दूसरी हॉलीवुड फिल्म लग गई है। इस फिल्म में मां आनंद शीला का रोल उन्हें ऑफर हुआ है।
द स्काई इज पिंक में भी आएंगी नजर
इधर, हिंदी फिल्मों में भी प्रियंका चोपड़ा वापसी कर रही हैं। पहले वह सलमान खान की फिल्म भारत से जुड़ी थीं, लेकिन अपनी शादी की तैयारियों की वजह से उन्होंने फिल्म बीच में छोड़ दी थी। अब वह सोनाली बोस की फिल्म द स्काई इज पिंक की शूटिंग कर रही हैं। इस फिल्म में वह फरहान अख्तर और जायरा वसीम के साथ नजर आएंगी। यह फिल्म मोटिवेशनल स्पीकर आयशा चौधरी की कहानी है।
आलिया भी निभाएंगी यही रोल!
करण जौहर और निर्देशक शकुन बत्रा भी ओशो रजनीश पर वेबसीरीज बना रहे हैं। कुछ दिन पहले खबरें आई थीं कि इस फिल्म में आलिया भट्ट मां आनंद शीला के रोल में नजर आएंगी, जबकि आमिर खान ओशो का रोल निभाएंगे।
No comments